गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जारी “नमो क्रिकेट लीग” में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरूण भंडारी और हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने आयोजन में शिरकत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में नमो किक्रेट लीग का आयोजन किया जा रहा है।
गुरूग्राम जिला में आयोजित इस टूर्नामेंट में 96 टीम हिस्सा ले रही है। इस आयोजन के माध्यम से “नशे को ना, क्रिकेट को हाँ” का महत्वपूर्ण संदेश दिया जा रहा है।शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य खेल को बढ़ावा देना तथा युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी जो कि इस लीग के संयोजक भी है, ने कहा कि युवाओं को खेलों के माध्यम से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल करना चाहिए। खेलों के माध्यम से ही जीवन में अनुशासन, स्वास्थ्य और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने सफल आयोजन के लिए टूर्नामेंट के आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा प्रतियोगिताओं से ही हमें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। जिस प्रकार इस प्रतियोगिता से “नशे को ना, क्रिकेट को हाँ” का संदेश दिया जा रहा है वह युवा शक्ति में नई ऊर्जा का संचार करेगा।गुरुग्राम में नमो क्रिकेट लीग की संयोजक एडवोकेट अनिता त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया और चार दिवसीय इस क्रिकेट लीग के बारे में आवश्यक जानकारी दी।


