गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र और सतत विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए महारैली में कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र को विकास के नए आयाम मिलेंगे। उन्होंने फारूखनगर–गुरुग्राम मार्ग को लगभग 365 करोड़ रुपये की लागत से फोर-लेन करने की घोषणा की, जिसमें चंदू बाईपास का निर्माण भी शामिल होगा। गांव बुढ़ेड़ा में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा, जबकि न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में जहां संभव होगा, सड़कों को 24 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांव टिकली में महाग्राम योजना के तहत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे टिकली सहित आसपास के कई गांवों में स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवरेज सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
सीएम ने घोषणा की कि सेक्टर 90 से 95 में भूमि उपलब्ध होने पर श्मशान घाट का निर्माण किया जाएगा तथा गुरुग्राम, मानेसर और फर्रूखनगर में फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 13 सड़कों (28.17 किमी) और लोक निर्माण विभाग द्वारा 30 सड़कों (84.86 किमी) का रखरखाव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 41.57 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी और गांवों में खेतों तक जाने वाले रास्तों को भी पक्का किया जाएगा। क्षेत्र के विकास कार्यों को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कलाकारों ने देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक अंदाज में ऊँट और घोड़ों पर सवार होकर रैली में पहुंचे, जिसने आयोजन को विशेष सांस्कृतिक रंग प्रदान किया और लोगों के उत्साह को दर्शाया।

