गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) टीम ने नगर निगम गुरुग्राम के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने में सफलता प्राप्त की है, जिसकी पहचान कपिल कुमार निवासी गांव पलड़ा, थाना बादशाहपुर के रूप में हुई है। जोकि निगम में हेल्पर का काम करता है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उसके मकान के निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बातचीत के बाद यह रकम 40 हजार रुपये पर तय हुई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 40 हजार रुपये लिए, एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे नगर निगम कार्यालय के बाहर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई। इस मामले में एसीबी थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। श्रएसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।
