गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में सोहना क्षेत्र के गांव दमदमा के पास दो बाइक सवार श्रद्धालुओं की पहाड़ी क्षेत्र में बाईक गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जब हुआ तब तीनों श्रद्धालु पहाड़ी के ऊपर स्थित मंदिर से दर्शन कर वापस नीचे लौट रहे थे। जिनकी पहचान दमदमा निवासी 50 वर्षीय मुंदराज और रिठौज निवासी 25 वर्षीय उदय के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में रिठौज निवासी सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे इलाज के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार तीनों उदय,मुंदराज व सतपाल गांव की पहाड़ियों पर स्थित बड़े जोहड़ के पास बने मंदिर में दर्शन करने गए थे। वापस आते समय सीसी रोड के ढलान पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया जिससे तीनों पहाड़ी से नीचे खाई में गिर गए। जिसमें उदय और मुंदराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल सतपाल को परिजन इलाज के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में ले गए।
पुलिस का कहना था मामले की जांच की जा रही है। वहीं बताया गया है कि मृतक मुंदराज दमदमा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स पर पर्यटकों को ऊंट की सवारी कराते थे। जिससे उनके परिवार की रोजी-रोटी चलती थी। इस हादसे से परिवार व गांव में मातम छाया हुआ है।

