गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज:गुरुग्राम के सैक्टर 4 के पास एक ब्रेजा कार चालक युवक ने होली की खरीदारी कर रहे लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। जिससे बाजार में खरीदारी करने आए छह लोग घायल हो गए। वहीं एक व्यक्ति को गंभीर चोट लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने भागने के चक्कर में कई लोगों को कुचल दिया। लोगों ने इधर उधर भागकर अपनी जान बचाई।इससे बाजार में अफरा तफरी मच गई। चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने कुछ ही दूरी पर आरोपी ड्राइवर को घेरकर पकड़ लिया, इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को पकड़ कर अपने साथ ले गई।
पुलिस का कहना है कि भागने की कोशिश में ड्राइवर ने रास्ते में खड़ी कई रेहड़ियों को भी टक्कर मार दी। घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। युवक का मेडिकल कराया गया तो उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।पुलिस के अनुसार घटना सैक्टर चार के आसपास बलदेव नगर, ज्योति पार्क के पास स्थित सब्जी मंडी की है। जहां सोमवार देर रात लोग होली के बाजार में खरीदारी कर रहे थे। बाजार में काफी चहल पहल थी। आसपास के इलाके में होलिका दहन का कार्यक्रम भी चल रहा था। इसी दौरान एक ब्रेजा कार सवार युवक वहां तेज रफ्तार के साथ आया और सबसे पहले खरीदारी कर रहे बिहार के गुलडीया के रहने वाले सुली (55) को टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही सुली जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर, मुंह और हाथों पर गंभीर चोट आईं।कई और लोगों को भी मारी टक्कर, इसके बार कार सवार वहां से भागने की काेशिश करने लगा। बाजार में भीड़ होने के कारण उसने कई और लोगों को भी टक्कर मार दी। इससे बाजार में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई।
रेहड़ियों में भी मारी टक्कर, छह लोग घायल,लोगों ने बताया कि कार सवार युवक ने भागने की कोशिश में कई रेहड़ियों को भी टक्कर मारी। इससे उसकी कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद उसकी कार बंद हो गई। हादसे के बाद युवक कार से उतरकर भागने की कोशिश करने लगा तो लोगों ने उसे पकडकर जमकर धुना, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वहां से भीड़ को हटाया। इसके बाद पुलिस आरोपी युवक को अपने साथ थाने ले गई। उधर, पुलिस के आने से पहले ही घायलों को उनके परिवार के लोगों ने निजी अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। आरोपी कार सवार लोगों का आरोप है कि घटना के बाद डॉयल 112 नंबर पर फोन किया गया था, लेकिन पुलिस भी काफी देर से पहुंची, जबकि 112 नंबर का रिस्पांस टाइम 8 से 10 मिनट होने के बावजूद पुलिस आधे घंटे बाद पहुंची। पुलिस ने आरोपी रितेश निवासी झज्जर को हिरासत में ले लिया है, उसके खिलाफ घायल बुजुर्ग सुली की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, बाकी को दी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस के आने से पहले ही घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालांकि अधिकतर लोगों को फर्स्ट एड के बाद घर भेज दिया, जबकि दो लोगों को गंभीर चोट आई हैं। इनमें बिहार के गुलडीया के रहने वाले सुली भी शामिल है।

