गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने मानसून से पूर्व की जा रही तैयारियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि अब वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए इंस्पैक्शन एप का उपयोग अनिवार्य किया गया है, ताकि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट डिजिटल रूप से दर्ज रहे और कार्यों की पारदर्शिता बनी रहे।निगमायुक्त ने बताया कि इंजीनियरिंग टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज और ड्रेनेज की सफाई व मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या न हो और निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित की जा सके। इन कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी अब अतिरिक्त निगमायुक्त, संयुक्त आयुक्त, चीफ इंजीनियर, सीनियर टाउन प्लानर और डिप्टी टाउन प्लानर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
निगमायुक्त ने कहा कि वे स्वयं भी अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर तैयारियों का जायजा लेंगे। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे। निगमायुक्त ने यह भी कहा कि इस बार अधिकारी, कर्मचारी और निगम पार्षद आमजन के सहयोग से जल निकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
*सफाई व्यवस्था पर फोकस, डोर-टू-डोर कलेक्शन में बढ़ोतरी*
सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने बताया कि शहर में नियमित रूप से सफाई कार्य किया जा रहा है। घर-घर से कचरा संग्रहण के लिए वर्तमान में 338 वाहन लगाए गए हैं और इनकी संख्या को और बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी सहायक सफाई निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहनों की नियमित जांच कर रहे हैं। शहर के सभी गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट्स की नियमित सफाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सडक़ों को धूल-मुक्त बनाने के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में लगी मशीनरी और वाहनों का भुगतान शहरी स्थानीय निकाय विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाएगा। बिना जीपीएस रिपोर्ट के किसी भी प्रकार की पेमेंट नहीं की जाएगी।
*अवैध डंपिंग पर सख्ती, निगरानी बढ़ाने के निर्देश*
निगमायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग और फरीदाबाद रोड को सीएंडडी वेस्ट से मुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध डंपिंग पर रोक लगाने के लिए सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स की निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी। नगर निगम द्वारा अवैध डंपिंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में वाहनों को जब्त किया जा रहा है और संबंधित व्यक्तियों पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। निगमायुक्त ने दोहराया कि शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और इसमें आमजन का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।

