गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : एनसीआर मीडिया क्लब की ओर से शनिवार 28 फरवरी को होली के उपलक्ष्य में रंगोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान के पास स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही समाज में अग्रणी भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी होगा।एनसीआर क्लब के अध्यक्ष अमित नेहरा के मुताबिक इस रंगोत्सव कार्यक्रम की पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रहीं हैं। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां युद्ध स्तर पर की गई। महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में यह कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में सेक्टर-14 कन्या कालेज व अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम भव्य बनाया जाएगा। इस दौरान फूलों की होली खेलकर पानी बचाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में गुलाल व रंगीन पानी का प्रयोग वर्जित रहेगा। शहर की अनेक हस्तियां इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगीं। अमित नेहरा ने बताया कि इस आयोजन में गुरुग्राम के अलावा दिल्ली-एनसीआर के अन्य क्षेत्रों, उत्तरप्रदेश व हरियाणा से अतिथि शिरकत करेंगें। समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के सम्पादक, पत्रकार, छायाकार, जनप्रतिनिधि व समाज के प्रतिष्ठित लोगोंं की इस कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सुबह 09 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। रंगोत्सव में खाने-पीने की भी समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी पत्रकारों को इस रंगारंग आयोजन में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया है।
बता दें कि एनसीआर मीडिया क्लब, एक रजिस्टर्ड संस्था है। यह पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से लगातार दिल्ली और एनसीआर के पत्रकारों की भलाई के लिए प्रयासरत है। क्लब समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। अमित नेहरा ने कहा है कि होली का त्यौहार सभी गिले शिकवे भुलाने का एक बेहतरीन मौका होता है। इस तरह के समारोहों से समाज में समरसता बढ़ती है।

