बहादुरगढ़, सतीश भारद्वाज : हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में एक निजी अस्पताल पर एक पूर्व सैनिक के पेट का आपरेशन करने में लापरवाही बरतने पर पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
*पूर्व सैनिक पेट दर्द के बाद भर्ती हुआ था*
मिली जानकारी के अनुसार जिले के गांव बादली निवासी सुरेन्द्र सिंह सेवानिवृत्त हवलदार हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी 2026 को उनके पेट में दर्द होने पर वे ईसीएचएस डिस्पेंसरी झज्जर गए थे। वहां से उन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया, जिसके बाद वे उसी दिन बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए। शिकायत के अनुसार अस्पताल के डॉक्टर ने उन्हें अपेंडिक्स की समस्या बताकर ऑपरेशन की सलाह दी। जिसपर 27 जनवरी को उनका ऑपरेशन किया गया और बाद में उन्हें वार्ड के कमरा नंबर 104 में शिफ्ट किया गया। पीड़ित सुरेन्द्र सिंह का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन बार-बार अनुरोध करने के बावजूद डॉक्टर और स्टाफ ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
*सीटी स्कैन हुआं तब लापरवाही सामने आई*
पीड़ित की अचानक 10 फरवरी को हालत गंभीर होने पर सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें कथित रूप से ऑपरेशन के दौरान पेट में कोई सामान छूट जाने की बात सामने आई। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। सुरेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही से उनकी जान को खतरा हुआं, जिससे उन्हें व उनके परिवार को काफी मानसिक आघात पहुंचा। पीड़ित ने उपचार से संबंधित बिल और जांच रिपोर्टों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दी, जिसपर कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ ने बीते रोज 10 फरवरी 2026 को अभियोग संख्या 34 के तहत धारा 125(ए), 125(बी) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

