गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नगर निगम मानेसर की मेयर डाॅ. इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को गांव हयातपुर में निगम द्वारा बनवाए गए करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से तैयार कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान मेयर ने वित्त एवं संविदा कमेटी से गांव के विकास के लिए मंजूर 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा भी की।
मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गांव हयातपुर के लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस विश्वास पर खरा उतरुंगी। निगम क्षेत्र की जनता का धन्यवाद, यह पूरा निगम मेरा घर है और यहां के सभी लोग मेरा परिवार है। मेयर ने विकास कार्यों की मंजूरी पर विस्तार से बताया कि वित्त एवं संविदा कमेटी ने गांव हयातपुर के विकास के लिए 22 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी है। इनमें स्पोर्ट्स काॅम्लेक्स, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के अलावा सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट्स और पार्क विकसित किए जाएंगे। मेयर ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को शहर की तरह सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। इस मौके पर पार्षद भूपेंद्र, रवि यादव, रविंद्र यादव, जुगमिंदर, रामप्रकाश सहित निगम के अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

