
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के साथ पार्षद पति द्वारा की गई बदसलूकी, धक्के देने और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला शहर में काफी गर्माया हुआं है। जिसमें जहां धरने प्रदर्शन शुरू हो रहे हैं, वहीं वाल्मीकि समाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्षद पति के बारे में जमकर भड़ास निकाली, वहीं पार्षद पति ने भी अपना पक्ष रखा। मामले को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ के सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने स्थानीय थाना सेक्टर-9ए में वार्ड-33 से पार्षद सारिका भारद्वाज के पति एडवोकेट प्रशांत भारद्वाज और उनके साथी कैलाश कुमार कोली के खिलाफ शिकायत देकर एससी एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करा दिया है।
वही कर्मचारी संघ पार्षद पति की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, जबकि पार्षद पक्ष इसे स्थानीय विधायक के इशारे पर की गई साजिश करार दिया है। पार्षद पति ने खुद ही कर्मचारियों को सही से काम करने के लिए डांटने और एक कर्मचारी को धक्के मारने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। जिसको लेकर सफाई कर्मचारियों में रोष बन गया और कर्मचारियों ने हड़ताल व प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पार्षद पति पर आरोप है कि उसने 2 फरवरी को सफाई कर्मचारी लक्ष्मण विहार फेज-II में अपना काम कर रहे थे। तभी प्रशांत भारद्वाज ने उन पर एक टूटी हुई सीवर लाइन को ठीक करने के लिए जबरन दबाव बनाया, जबकि वह कार्य नगर निगम के ठेकेदार के अधीन था। जब उन्हें यह बताया गया कि यह काम ठेकेदार का है, तो वे भड़क गए। आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
*पार्षद पति ने वीडियो बनवा कर वायरल किया*
आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अपमानित किया और धमकी देते हुए कहा कि उस पर पहले से ही 20 मामले चल रहे हैं और उसे किसी का डर नहीं है। मेरे साथ 18 पार्षद है और मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
*पार्षद पति प्रशांत भारद्वाज ने दी सफाई*
जनता के काम करवा रहा हूं,मैं अपने वार्ड के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गया था। कर्मचारियों द्वारा काम में लापरवाही बरती जा रही थी और जब उन्होंने सवाल किया, तो इसे मुद्दा बना दिया गया। पुलिस ने बिना जांच किए केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने बिना निष्पक्ष जांच के केवल स्थानीय विधायक के राजनीतिक दबाव में आकर आनन-फानन में FIR दर्ज की है। वार्ड में विकास कार्यों को लेकर चल रही खींचतान के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है ताकि उनकी सामाजिक छवि को धूमिल किया जा सके।
*प्रशान्त को मिल सकता है बार एसोसिएशन का समर्थन*
उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन ने मीटिंग कर मुझे समर्थन दिया है। मामले में पुलिस से मुलाकात कर अपना पक्ष रखूंगा। यह सीधे तौर पर राजनीति से प्रेरित मामला है। मेरी बढ़ती लोकप्रियता कुछ लोगों से बर्दाश्त नहीं हो रही।
*गिरफ्तारी की मांग कर रहे कर्मचारी*

इस बारे में संघ के सचिव धर्मेंद्र ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ ने मांग की है कि आरोपी प्रशांत भारद्वाज की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। यदि गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें कार्यस्थल पर सम्मान और सुरक्षा प्रदान की जाए।

