गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम के फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क हादसा प्रिंस होटल के पास गांव मोहम्मदपुर के नजदीक तेज रफ्तार इनोवा कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बाइक पर दो महिलाएं, एक छह वर्षीय बच्ची और दो पुरुष सवार थे। ये सभी खुर्जा उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं और गांव मोहम्मदपुर में मुन्ना लाल के मकान में किराए पर रह रहे थे। मृतकों की पहचान देवी पत्नी कमल और राजकुमार पुत्र रजुआ के रूप में हुई है।दुर्घटना में घायल हुए अन्य लोगों को गंभीर अवस्था में एसजीटी बुडेढ़ा, लॉर्ड कृष्णा और कैलाश हॉस्पिटल फर्रुखनगर में भर्ती कराया गया है। इनोवा कार को मोहम्मदपुर निवासी हिमांशु चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

