गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : प्रदूषण मुक्त स्वच्छ गुरुग्राम अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहरभर में सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ा व्यापक कार्य अभियान तेज़ी से चल रहा है। निगम की टीमें चारों जोनों में अलग-अलग सड़कों पर धूल-मिट्टी, झाड़ियां, मलबा, प्लास्टिक वेस्ट, बागवानी वेस्ट तथा अन्य कचरा उठाने का कार्य निरंतर कर रही हैं। संयुक्त आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और फील्ड में तैनात टीमों का उत्साहवर्धन भी कर रहे हैं।

वीरवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में संयुक्त आयुक्तों ने अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अधिकारियों ने बताया कि वाटिका चौक से सुभाष चौक, ओल्ड व न्यू रेलवे रोड, हुडा सिटी सेंटर से अतुल कटारिया चौक और श्याम चौक से शोभा सिटी रोड तक सफाई और कचरा हटाने का कार्य लगभग पूर्ण होने की ओर है। इसके पश्चात निगम अन्य प्रमुख सड़कों पर अभियान को आगे बढ़ाएगा।निगमायुक्त ने बैठक के दौरान ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) की समीक्षा करते हुए कहा कि शहर में ग्रेप के तीसरे चरण के तहत लागू दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित निर्माण व तोड़फोड़ गतिविधियों, खुले में निर्माण सामग्री रखने, मलबा या कचरा डंपिंग, और आग लगने की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि मैकेनाइज्ड सफाई और शोधित पानी से सड़कों पर छिड़काव लगातार किया जा रहा है ताकि धूल को नियंत्रित किया जा सके। निगम आयुक्त ने यह भी कहा कि फील्ड में सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति जांच की जाए और सफाई एजेंसियों से कार्य आदेश के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करवाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) की संख्या को कम करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। सभी सेकेंडरी पॉइंट्स से कचरा नियमित रूप से उठाया जाए और किसी भी स्थान पर कूड़ा फैलने न दिया जाए।
नगर निगम गुरुग्राम का यह अभियान शहर को न केवल स्वच्छ बल्कि प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शहरवासियों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी व रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, विशाल कुमार, डॉ. जयवीर यादव, रविन्द्र मलिक व डॉ. प्रीतपाल सिंह, कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, हर्ष चावला व देवेंद्र बिश्नोई उपस्थित रहे।
