गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : हरियाणा के मुख्यमंत्री व डीजीपी के लाखों दावे करने के बाद भी हरियाणा पुलिस में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है। वहीं गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर अपने सार्वजनिक भाषणों में स्वयं मियां मिट्ठू बनते रहते हैं, लेकिन फिर भी गुरुग्राम पुलिस की छवि दिन प्रतिदिन धुमिल होती जा रही है। अभी हाल ही में गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र से एक पुलिस की दबंगी का मामला सामने आया है, जिसमें सोहना पुलिस ने एक कैंसर पीड़ित दंपति को सार्वजनिक तौर पर अपमानित करके पीटा गया है। जिसको बाद में अस्पताल में दाखिल होना पड़ा। पुलिस पर आरोप लगा है कि एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने थाने के सामने ही युवक और उसकी बीमार पत्नी के साथ मारपीट की और उन्हें चोरी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार मेवात के गांव रहिड़ा निवासी नदीम अपनी ब्लड कैंसर पीड़ित पत्नी अनिशा को झज्जर से दवाइयां दिलवाकर वापस आ रहे थे, तभी अचानक सोहना बस स्टैंड के पास अनिशा की तबीयत बिगड़ने लगी थी, इसपर पीड़ित नदीम पत्नी को सिटी परिसर के पास लिटाकर जूस लेने चले गए ।इसी दौरान सिविल ड्रेस में एक ASI साहून वहां पहुंचे। नदीम का आरोप है कि बिना किसी पूछताछ के ASI ने उन्हें मोटरसाइकिल चोर बताया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अनिशा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो ASI ने अन्य पुलिसकर्मियों को बुला लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अनिशा को बालों से खींचकर जमीन पर पटका और उनके साथ गाली-गलौज बदतमीज तथा गंदी गंदी गालियां दी। पुलिस ने नदीम को जबरन बाइक चोर साबित करने का प्रयास किया। नदीम ने मौके पर ही अपने पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज दिखाकर अपनी बेगुनाही साबित करने की कोशिश की। मारपीट के बाद दंपति को सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने सोहना थाना में लिखित शिकायत भी दी है।

