गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे की सूचना पर तुरंत राहत कर्मी मौके पर पहुंच घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। मृतक में एक यूपी के जज की लड़की भी शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर गुरुग्राम के झाड़सा चौक के पास एग्जिट नंबर 9 पर सुबह दिल्ली की तरफ से आ रही एक थार गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें सवार 6 में से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
राहगीरों के अनुसार बताया गया है कि यूपी नंबर (UP 81 CS 2319) की इस काले रंग की थार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां थीं। हादसे में दो युवक और तीन युवतियों की मौत हुई है। वहीं एक मृत युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है जो रायबरेली के जज चंद्रमणि मिश्रा की बेटी बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं अभी तक की जांच में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें थार हाईवे पर तेज रफ्तार से निकलती हुई नजर आ रही है।सड़क हादसे में मृतकों में तीन उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, जिनमें प्रतिष्ठा मिश्रा (25) रायबरेली और आदित्य प्रताप सिंह (30) व लवनय (26) आगरा की शामिल हैं। गौतम (31) मूल रूप से सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले थे, हालांकि वर्तमान में वह ग्रेटर नोएडा में रहते थे। एक अन्य मृतका का नाम सोनी है, वह कहां की रहने वाली हैं ये अभी पता नहीं चल पाया है। घायल हुए युवक की पहचान कपिल शर्मा (28) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है।
वहीं पुलिस का भी इस हादसे पर यही कहना था कि शनिवार अलसुबह करीब 4:15 बजे झाड़सा चौक पर हुआं। राहगीरों ने बताया की गाड़ी दिल्ली की तरफ से स्पीड में आ रही थी, तभी नेशनल हाईवे-48 के एग्जिट नंबर 9 से नीचे उतरते ही ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया और थार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। राहगीरों ने ही पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, गाड़ी में सवार सभी लोग बुरी तरह अंदर फंस गए थे जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।पुलिस को हादसे में मृत सभी लोगों के हाथों पर क्लब के बैंड भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि देर रात इन सभी ने क्लब में पार्टी की होगी और फिर घर वापस लौट रहे होंगे। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर क्लब से लौटने वाली बात नहीं बताई है, साथ ही अभी इस बात का भी खुलासा नहीं हुआ है कि घटना के वक्त गाड़ी में सवार लोग नशे में थे या नहीं।घटना के स्पष्ट कारणों को जानने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हादसे के बाद डीसीपी ट्रैफिक डॉ राजेश मोहन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क पर दिख रहे टायरों के निशान से साफ है कि गाड़ी काफी स्पीड में थी। पुलिस सभी एंगलों पर जांच कर रही है। सड़क के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की चेकिंग की जा रही है। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या सभी लोग नशे में थे तो उन्होंने कहा कि ये जांच का विषय है, इस संबंध में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।
*आखिर डिवाइडर पर ही वाहन क्यों टकराते हैं*
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह हुए सड़क हादसे पर जागरूक लोगों में इस बात की चर्चा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य सड़क हादसों में वाहन डिवाइडर पर ही अधिकतर क्यों टकराते हैं, देश में डिवाइडर पर टकराने से हर साल हजारों लोगों की मौत हो रही है। जिसमें काफी हद तक सरकार की भी लापरवाही साफ झलक रही है। क्योंकि सड़क नियमों के अनुसार सड़क पर काफी दिशा निर्देश, बुम,चेतावनी बोर्ड,टायर व अन्य सुरक्षा के इंतजाम होने चाहिए पुख सड़क हादसे पर कुछ जागरूक लोगों में इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहना था कि इस हादसे में तो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लापरवाही साफ नजर आ रही है, क्योंकि वाहन चालकों को सोहना की तरफ जाना होगा,और सड़क पर सही जगहो पर दिशा निर्देश व एग्जिट पोल नहीं लगे होने की वजह से एकदम से गाड़ी मोड़ने पर यह हादसा हुआ लगता है। अक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग में अन्य सड़कों पर देखा गया है की दिशा निर्देशों के बोर्ड पर कुछ छुट भैया नेताओं के होर्डिंग,बैनर, पोस्टर लगें होते हैं। जिन पर ना ही तो राज्यों के अधिकारी और ना ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कोई सख्त संज्ञान लेता है। गुरुग्राम की बात करें तो ऐसे कई दर्जन अवैध होर्डिंग्स,बैनर, पोस्टर जिले में जगह-जगह लगे हुए हैं। जिन पर पुलिस व जिला प्रशासन भी आंखें बंद कर कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।

