गुरुग्राम, सतीश कौशिक : गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-II, ने एक बड़ा वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए वर्ल्ड वाइड जू डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर राकेश शर्मा (उम्र 42 वर्ष, एमबीए), निवासी सेक्टर-42, गुरुग्राम को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई विंडबोर्न एयर प्राइवेट लिमिटेड नामक प्राइवेट जेट उपलब्ध कराने वाली कंपनी की शिकायत पर की गई।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने अपनी कंपनी के माध्यम से चार्टर प्लेन सेवा से जुड़ी बिजनेस डील के नाम पर 2 करोड़ 40 लाख रुपये का निवेश करने के लिए शिकायतकर्ता को प्रेरित किया था। 15 अप्रैल 2025 को यह राशि वर्ल्ड वाइड जू डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड के खाते में चेक द्वारा ट्रांसफर की गई।शिकायतकर्ता ने बताया कि तय समय सीमा तक न तो कोई बिजनेस प्लान या डील शुरू की गई और न ही आवश्यक कागजात दिए गए। जब शिकायतकर्ता ने अपनी राशि लौटाने को कहा, तो कंपनी ने एक चेक जारी किया जो बैंक में बाउंस हो गया। बाद में आरोपी कंपनी ने केवल 1 करोड़ रुपये वापस किए, जबकि शेष 1 करोड़ 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने झूठे व्यापारिक वादे कर शिकायतकर्ता से धन हड़पा और किसी भी तरह का वास्तविक काम नहीं किया। जिसकी शिकायत की जांच पड़ताल आर्थिक अपराध शाखा कर रही थी, टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 17 अक्टूबर 2025 को आरोपी राकेश शर्मा को जयपुर (राजस्थान) के फिरोजपुर से गिरफ्तार कर गुरुग्राम लाया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चार्टर प्लेन सेवा के नाम पर निवेश लेकर शिकायतकर्ता को धोखा दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

