
गुरुग्राम,भारद्वाज : पुलिस आयुक्त के निर्देशन में कार्य करते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात Dr राजेश मोहन की देखरेख में यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा जुलाई महीने में गलत दिशा में चलने वाले/रॉन्ग साईड वाहन चालकों पर लगाम लगाने के उद्देश्य सहित अन्य ट्रैफिक रूल तोड़ने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कार्यवाही की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम ट्रेफिक पुलिस द्वारा गलत दिशा/रॉन्ग साईड में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने के लिए विशेष अभियान चलाकर व नियमित रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चैकिंग की गई,जिसपर गलत दिशा/रॉन्ग साईड में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों के नियमानुसार चालान किए गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा दिनाँक 01.07.2025 से 31.07.2025 तक गलत दिशा/रॉन्ग साईड वाहन चलाते पाए गए *कुल 14739 वाहन चालकों* के खिलाफ मोटर-व्हीकल अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान किए गए, जिनकी कुल *जुर्माना राशि 79 लाख 21 हजार 500 रुपए है।*
गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य यातायात का संचालन व्यवस्थित व सुचारू रूप से कराते हुए सफर को सुगम व सुरक्षित बनाना है। यातायात के सुचारू, सुगम व व्यवस्थित संचालन के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा यातायात की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाती है। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देकर उन्हें यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया जाता है तथा इस दौरान लोगों को यह भी बताया जाता है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने पर उनके खिलाफ कानून के अनुसार किस प्रकार की सजा/जुर्माने का प्रवधान है।
गुरुग्राम पुलिस सभी वाहन चालकों/ रोड़ यूजर्स से अपील करती है कि यातायात नियमों की पालना करना सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटना से बचा जा सके और जान माल की हानि ना हो व यातायात का संचालन सुचारू, सुगम व व्यवस्थित रहे।
