गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: स्वास्तिक फाउंडेशन की ओर से सामूहिक विवाह समारोह में 16 बेटियां स्वास्तिक परिवार का आशीर्वाद और दुआएं लेकर भावुकता भरे पलों में विदा हुईं। नशा मुक्त समाज बनाने, बेटी बचाने-बेटी पढ़ाने, बेटी शिक्षा को बढ़ावा देने की सीख स्वास्तिक फाउंडेशन परिवार की ओर से इन बेटियों को दी गई। भव्य आयोजन के बीच इनका विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। साध्वी आत्मा चेतना गिरी ने कार्यक्रम में शिरकत करके आशीर्वाद दिया।
कथा वाचक मोहित व्यास भी समारोह में पहुंचे। सभी अतिथियों का मंच पर सम्मान किया गया। पिछले करीब तीन महीने से स्वास्तिक फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य इस सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों में जुटे थे। हर बार पहले से भव्य शादी करने की सोच के साथ इस बार और भव्यता समारोह में नजर आई। जब एक साथ 16 दूल्हों की बारात ओल्ड दिल्ली रोड से निकली तो हर कोई देखता रह गया। भव्यता से सजाए गए रथ पर बजते डीजे और ढोल पर बाराती नाचते-गाते चले। बारात में विंटेज कारों को भी शामिल किया गया, ताकि गरीब परिवारों के वर-वधू यह महसूस ना करें कि उनकी शादी में कुछ कमी रह गई। दूल्हों के परिवारजन, रिश्तेदार मस्ती में झूमते-गाते हुए बारात में चले। संस्था के संरक्षक बनवारी लाल सैनी एवं सुमेर सिंह तंवर ने बताया कि स्वास्तिक फाउंडेशन का सालाना सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य यही है कि हर बेटी के हाथ पीले होने चाहिए। चाहे वह गरीब हो मध्यमवर्गीय परिवार से हो। हर किसी का वैवाहिक जीवन का सपना पूरा होना चाहिए।
स्वास्तिक फाउंडेशन के प्रयासों से समाज के लोगों को ऐसी बेटियों का कन्यादान करने का अवसर मिलता है, जिनसे उनका खून का रिश्ता तो नहीं होता लेकिन एक आत्मीय रिश्ता जुड़ जाता है। हर बेटी को अपनी बेटी मानकर विदाई दी जाती है।
संस्था के चेयरमैन कश्मीर सिंह एवं महासचिव राजेश सैनी के मुताबिक संस्था की ओर से वर्ष 2021 में पहला सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। तब से लगातार ही यह समारोह किए जा रहे हैं। विवाह में नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन के लिए जरूरी सामग्री भी उपहार स्वरूप दी जाती है। संस्था के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल ने बताया कि यह विवाह समारोह इसलिए भी यादगार बन गया कि इसमें एक भी व्यक्ति नशे में नहीं था। मदिरा पान की सख्त मनाही थी और सभी ने इसका पालन किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर समाज को जोडऩे की सोच के साथ काम करते हैं। शादी जैसे पवित्र आयोजन में नशा करने वाले बाधा उत्पन्न करते हैं।कलाकारों ने बेहतरीन कार्यक्रम पेश किए। मंच पर एक साथ सभी जोड़ों की संगीत की धुनों व पुष्पवर्षा के बीच जयमाला हुई। इससे पहले मंच पर रिंग सेरेमनी भी कराई गई।
नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बहन संतोष सैनी भी कार्यक्रम में पहुंची। सभी बेटियों को उन्होंने माता शीतला के मंदिर से लायी गयी चुन्नियां ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह में बेटियों को आशीर्वाद देने के लिए कैनविन फाउंडेशन के सह-संस्थापक नवीन गोयल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, रमेश चंद्र बख्शी, आरएसएस से जगदीश ग्रोवर, शिक्षाविद् डा. अशोक दिवाकर समेत अनेक लोगों ने शिरकत की।

