चंडीगढ़, सतीश कौशिक : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने गुरुवार को सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय स्वर्ण कमल से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए राहत सामग्री से भरी गाड़ियों को पंजाब के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ही भाजपा का संस्कार है। संकट की इस घड़ी में सरकार और संगठन बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा है।राहत सामग्री रवाना करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार पड़ोसी राज्यों की मदद के लिए हर समय तैयार है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जम्मू कश्मीर, पंजाब और हिमाचल राज्य की 5-5 करोड़ रुपये की मदद की है। हरियाणा से सैकड़ों ट्रक राहत सामग्री पड़ोसी राज्यों में भेजे जा चुके हैं और अभी भी राहत सामग्री भेजना जारी है। श्री बड़ौली ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी जा रही राहत सामग्री मानवीय संवेदनाओं की कड़ी है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश विकास के पायदान पर आगे बढ़ रहा है। आपदा आती है, लेकिन उससे निपटने के लिए भाजपा सरकारें और कार्यकर्ता तुरंत राहत कार्य शुरू कर देते हैं।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के 22 जिलों से राहत सामग्री के ट्रक लगातार रवाना किए जा रहे हैं।
पंडित बडौली ने कहा कि जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का दल हरियाणा का दौरा करेगा और यहां हुए बाढ़ के नुकसान का आंकलन करके रिपोर्ट केंद्र व राज्य सरकार को सौंपेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक नागरिक को जिसका जैसा नुकसान हुआ है नायब सरकार पूरा मुआवजा देगी। इस अवसर पर सोनीपत के जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान, सोनीपत नगर निगम मेयर राजीव जैन, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी एवं अनेक पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

