गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के थाना खेड़कीदौला पुलिस ने बीते सोमवार को मानेसर निगम क्षेत्र के गांव ककरोला में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने पहुंची डीटीपी टीम पर स्थानीय लोगों द्वारा किए गए पथराव के मामले में दर्ज एफआईआर में तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते सोमवार को डीटीपी प्रवर्तन गुरुग्राम के एक पदाधिकारी द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस थाना खेड़की दौला को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि डीटीपी प्रवर्तन, गुरुग्राम द्वारा गांव कांकरौला, तहसील मानेसर, गुरुग्राम की राजस्व संपदा में अवैध गोदामों व अनाधिकृत कॉलोनी में तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा था। जिसमें तोड़फोड़ अभियान में ड्यूटी मजिस्ट्रेट (एटीपी), डीटीपी (ईएनएफ) गुरुग्राम का स्टॉफ/अधिकारी मौजूद थे। गाँव भाँगरौला व कांकरौला के पार्षद राकेश हयातपुर के उकसाने पर स्थानीय लोगों ने नियमों की उल्लंघना करते हुए तोड़फोड़ में उपस्थित सभी अधिकारियों/स्टॉफ व जेसीबी ऑपरेटरों पर पत्थर फेंके। इस दौरान एक जेसीबी हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया और जेसीबी के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा एक अज्ञात महिला ने अन्य स्थानीय भीड़ के साथ मिलकर तोड़फोड़ ड्यूटी में कर रहे अधिकारियों/कर्मचारियों/स्टॉफ के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी जीप के सामने लेटने की कोशिश की। जिसपर शिकायत पर थाना खेड़की दौला में सम्बन्धित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस टीम द्वारा उक्त मामले पर कार्यवाही करते हुए वारदात को अंजाम देने में संलिप्त 03 आरोपियों को मंगलवार खेड़की दौरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान सत्यवीर, अजीत कुमार व रामअवतार तीनों निवासी गाँव कांकरौला, गुरुग्राम के रूप में हुई है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि डीटीपी की टीम अपने साथी कर्मचारियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ अवैध निर्माण करने पहुँची तो इनके वियरहाउस को तोड़ने को लेकर इन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर डीटीपी की टीम व अधिकारियों के साथ बहस की। इनका (उपरोक्त आरोपी) वियरहॉउस तोड़ने के बाद डीटीपी टीम आगे अवैध निर्माण को तोड़ने लगी तो वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ ने डीटीपी व तोड़फोड़ करने आए अधिकारियों/कर्मचारियों व जेसीबी पर पत्थराव करना शुरू कर दिया तो इन्होंने भी भीड़ के साथ मिलकर डीटीपी टीम पर पत्थराव करने की वारदात को अंजाम दिया था। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता का कहना था कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

