गुरुग्राम, सतीश कौशिक: हरियाणा के तावड़ू क्षेत्र में ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को एक विशाल चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, एआईसीसी पर्यवेक्षक रोहित चौधरी, रोहतक से विधायक एवं गुरुग्राम जिला पर्यवेक्षक भारत भूषण बतरा, गुरुग्राम ग्रामीण जिलाध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। चौपाल का आयोजन युवा नेता शाहीन सैम्स द्वारा किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य जनता को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना रहा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में मौजूदा राजनीतिक माहौल पर चिंता व्यक्त करते हुए जनता से एकजुट होकर लोकतंत्र को बचाने का आह्वान किया।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का संविधान और लोकतांत्रिक ढांचा खतरे में है। जिस प्रकार से संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और आम जनता के अधिकारों का हनन हो रहा है, उसके खिलाफ हर नागरिक को खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह वोट बचाओ देश बचाओ अभियान सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के भविष्य को सुरक्षित रखने की एक बड़ी मुहिम है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे देश के संविधान, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा, किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन सरकार का ध्यान इन बुनियादी मुद्दों से भटका हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग के हक की लड़ाई सडक़ से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इस सफल आयोजन ने एक बार फिर हरियाणा के राजनीतिक गलियारों में यह संदेश दे दिया है कि कांग्रेस पार्टी राज्य में पूरी तरह सक्रिय है और जनता के मुद्दों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने के लिए तैयार है। चौपाल के समापन के बाद नेताओं ने स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पर्यवेक्षक रोहित चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब घर-घर जाकर जनता को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि तावड़ू की इस चौपाल में उमड़ी भीड़ इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर भरोसा कर रही है। जिला पर्यवेक्षक एवं विधायक भारत भूषण बतरा ने रोहतक और गुरुग्राम जिलों के संगठनात्मक ढांचे पर बात करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि हमें देश और लोकतंत्र को बचाना है, तो सबसे पहले अपने मत (वोट) की ताकत को पहचानना होगा और उसके सही इस्तेमाल के प्रति सजग रहना होगा।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन ने कहा कि भाजपा शासन में न केवल हरियाणा, अपितु पूरे देश की जनता परेशान हैं। कांग्रेस ने एसआईआर का मुद्दा उठाकर भाजपा की दुखती रग पर हाथ रख दिया है। अब भाजपा तिलमिला रही है। कोई और मुद्दा नहीं मिल रहा है। भाजपाई बौखलाकर उलटा सीधा बयान देकर चर्चा में बने रहना चाहते हैं। कार्यक्रम के आयोजक युवा नेता शाहीन सैम्स ने स्थानीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए तावड़ू क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं और आम आदमी को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि तावड़ू में हर वोट सुरक्षित हो, हर मतदाता का सम्मान हो और चुनाव आयोग राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करे।ब्लॉक अध्यक्ष रज्जू चेयरमैन ने कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल अभियान का उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट है।


