
गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम की ओर से आगामी 21 नवंबर 2026 को विकास सदन में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र सुरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निशा ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य एनआई एक्ट की धारा 138 से संबंधित लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करने के साथ-साथ पक्षकारों के समय और धन की बचत भी होगी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत विवादों के आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसमें दोनों पक्ष सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने विवाद का निपटारा कर सकते हैं। लोक अदालत में पारित अवार्ड अंतिम होता है और दोनों पक्षों पर बाध्यकारी होता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक भागीदारी करें और आपसी समझौते के माध्यम से अपने लंबित मामलों का समाधान करवाएं। इस लोक अदालत में मामलों के निपटारे के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त न्यायालय शुल्क नहीं देना होगा।अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
