चण्डीगढ़ , सतीश भारद्वाज: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रदेश भर से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अपराधियों के सत्यापन,सीसीटीवी व्यवस्था, नाकाबंदी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई।
*47,124 सक्रिय अपराधियों का सत्यापन पूरा*
पुलिस महानिरीक्षक कानून एवं व्यवस्था राकेश आर्य ने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश में कुल 47,124 सक्रिय अपराधियों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा चुका है। इनमें से 29,416 अपराधियों की तस्वीरें फेस रिकग्निशन सिस्टम में अपलोड की गई हैं। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 11 जिलों में सक्रिय अपराधियों के डेटा का शत-प्रतिशत फिजिकल वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है।
*प्रदेश के 24 जिलों में 6,644 CCTV कैमरे लगाए*
प्रदेश के 24 पुलिस जिलों में कुल 389 थाने और 327 पुलिस चौकियां हैं। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की सीसीटीवी परियोजना के तहत इन स्थानों पर कुल 6,644 कैमरे स्थापित किए गए हैं।
*पुलिस ने 288 अतिरिक्त नाका पॉइंट चिह्नित*

बैठक में बताया गया कि 40 संवेदनशील स्थानों और बॉर्डर एरिया में नियमित नाके लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 250 स्थायी नाकों के साथ 288 अतिरिक्त नाका पॉइंट चिह्नित किए गए हैं। इनकी सूची संबंधित जिलों के साथ साझा की गई है।
*बिना नंबर प्लेट और HSRP पर कार्रवाई*
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 28 अक्टूबर तक 31,22,168 वाहनों की जांच की गई। जिनमें बिना नंबर प्लेट वाले 1,14,566 और बिना HSRP वाले 1,57,926 वाहनों के चालान किए गए। दोनों श्रेणियों में कुल 2,72,492 चालान हुए। इसी अवधि में 22,269 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
