गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बुधवार दोपहर सेक्टर-37 पार्ट-2 में कार्रवाई करते हुए करीब आधा एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया। एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 अनुपमा मलिक के आदेशानुसार भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच कबाड़ के गोदाम, दो झोपड़ियों और टीन शेड से बने एक कमरे सहित अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान एचएसवीपी के सर्वे एसडीओ परमिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जमीन खाली कराने के लिए दो दिन पहले मुनादी करवाकर लोगों को सूचित किया गया था। इसके बाद बुधवार को पुलिस बल के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
विभाग के जेई ललित हंस ने अवैध कब्जे धारियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं संजीव यादव ने बताया कि अभियान के तहत करीब आधा एकड़ जमीन खाली कराई गई है। उन्होंने कहा कि दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।इस कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर उपमंडल अभियंता परमिंदर सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा वीरेंद्र तहलान, बिजेंद्र और एचएसवीपी की सर्वे टीम के अन्य सदस्य भी मौके पर उपस्थित रहे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

