गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस शहीद फाउंडेशन, हरियाणा की ओर से जिला पुलिस लाइन, गुरुग्राम में मेगा मेडिकल कैंप एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त सिबास कबिराज, आईपीएस, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं मनोबल को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आर्टिमिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से आयोजित इस निःशुल्क मेडिकल कैंप में 140 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर के आयोजन में आर्टिमिस हॉस्पिटल के जीएम मार्केटिंग फरीद खान और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।21 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित।
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त सिबास कबिराज ने उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के लिए 21 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। पुलिसकर्मियों की सेवाओं को सराहते हुए उनके समर्पण और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 15 मेधावी बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान देने और उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।*
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और मनोबल को बढ़ावा देना जरूरी*
पुलिस आयुक्त सिबास कबिराज ने पुलिसकर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते हैं। उनकी जिम्मेदारियां चुनौतीपूर्ण होती हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य, कल्याण और मनोबल को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों और मेधावी बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।पुलिस शहीदों के परिवारों का सम्मान और पुलिसकर्मियों का कल्याण फाउंडेशन की प्राथमिकता पुलिस शहीद फाउंडेशन, हरियाणा के अध्यक्ष एडवोकेट आर.एल. शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के योगदान का सम्मान करना तथा उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके और उनके परिवारों के हितों का ध्यान रखना भी जरूरी है।
उन्होंने मेडिकल कैंप के आयोजन में सहयोग के लिए आर्टिमिस हॉस्पिटल के जीएम मार्केटिंग फरीद खान और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस शहीद फाउंडेशन पुलिस शहीदों के परिवारों के सम्मान, सेवारत पुलिसकर्मियों के कल्याण और प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पुलिसकर्मियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्थाकार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था हरियाणा पुलिस रोटी-पानी बैंक के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश भारद्वाज की ओर से की गई। पुलिस शहीद फाउंडेशन ने इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समारोह में स्वास्थ्य सेवाओं, सम्मान और सामाजिक सहयोग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया नमन*
कार्यक्रम से पूर्व पुलिस शहीद फाउंडेशन के सदस्यों ने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ सेवारत पुलिसकर्मियों की सेवाओं का सम्मान करना तथा उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं मनोबल को बढ़ावा देना रहा।पुलिस एवं फाउंडेशन के पदाधिकारी रहे मौजूद।
इस अवसर पर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर श्रीमती संगीता कालिया, डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अंशु सिंगला, सभी जोन के डीसीपी, पुलिस शहीद फाउंडेशन के महासचिव एवं पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी, वाइस चेयरमैन डॉ. एस.पी. अग्रवाल, राजकुमार त्यागी, बनवारी लाल शर्मा, पीएफटीआई के जिला अध्यक्ष पी.के. गुप्ता, हरियाणा पुलिस रोटी-पानी बैंक के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश भारद्वाज, वरिष्ठ अधिवक्ता हरकेश शर्मा, पुल्कित ,कलश शर्मा और रमेश बत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

