गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: श्री 1008 पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर जैकबपुरा (जैन बारादरी) में श्री दिगंबर जैन मुनि सेवा समिति के तत्वावधान में वार्षिक क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महापर्व श्वेतांबर जैन समाज से पधारे मुनि संघ के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ। इसमें पूज्य श्री रचित मुनि जी महाराज, विद्याभिलाषी पूज्य श्री तेजस मुनि जी महाराज, विद्याभिलाषी श्री नवनीत मुनि जी महाराज एवं श्री विनीत मुनि जी महाराज उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य (न्यायिक) कुलदीप जैन और सेक्टर-14 जैन समाज के प्रधान रविंद्र जैन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। श्री 1008 पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध कमेटी के प्रधान नरेश कुमार जैन, उप-प्रधान शैलेंद्र जैन, महामंत्री अशोक कुमार जैन, सह-मंत्री जिनेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण के साथ भक्तिमय माहौल में हुई। वहीं वामा महिला मंडल की सदस्यों ने सुमधुर मंगलाचरण प्रस्तुत किया, जिसके बाद महिला मंडल द्वारा धार्मिक भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं।
जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने बताया समारोह में समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली दो विभूतियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मरणोपरांत विशेष सम्मान स्व. पुष्पचंद जैन को दिया गया। वे जैन समाज में लगातार 35 से 40 वर्षों तक मंदिर के प्रधान, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे पदों पर निस्वार्थ और ईमानदारी से सेवा करते रहे। उनके परिवार ने यह सम्मान ग्रहण किया। चिकित्सा सेवा सम्मान डॉ. नरेश कुमार जैन को दिया गया। वे हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं महानिदेशक जैसे सर्वोच्च पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. नरेश कुमार जैन को उनकी निस्वार्थ चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर की सहयोगी संस्थाओं जैन युवा संगठन, सन्मार्ग संस्कृति मंच, महिला मंडल और वामा महिला मंडल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में दिगंबर जैन मुनि सेवा समिति के प्रधान मुनेश जैन, उप-प्रधान संदीप जैन, महामंत्री सचिन जैन, सह-मंत्री अशोक जैन और कोषाध्यक्ष विपिन जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

