गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को गुरुग्राम में (जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम, जिला प्रशासन तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में होगी। बैठक में गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी एवं दीर्घकालिक समाधान पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक के प्रमुख एजेंडे में जलभराव, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों, तालाबों एवं अन्य जल निकायों पर हुए अतिक्रमण तथा इनके कारण जल निकासी व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव की समीक्षा शामिल है। अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों, जल निकासी व्यवस्था तथा इस दिशा में अब तक किए गए कार्यों की स्थिति से केंद्रीय राज्य मंत्री को अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही जीएमडीए एवं नगर निगम द्वारा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट एवं सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों की प्रगति, मौजूदा चुनौतियों तथा प्रस्तावित समाधान प्रस्तुत करेंगे। विशेषज्ञ एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है, ताकि तकनीकी विशेषज्ञता के आधार पर गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके।
