गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: पर्यावरण संरक्षण एवं हरित गुरुग्राम के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को सेक्टर-15 स्थित सिटीजन पार्क में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने निगम अधिकारियों, पार्षदों, वार्ड समिति के सदस्यों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण कर अभियान को नई गति प्रदान की।
इस अवसर पर मेयर ने उपस्थित सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और जनभागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ गुरुग्राम का सपना साकार किया जा सकता है। मेयर ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और अपनी माताओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा 4.66 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 2,000 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थानों एवं नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य 4.66 लाख पौधे लगाकर शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाना है। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नागरिकों के सहयोग से हम गुरुग्राम को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में सफल होंगे।
कार्यक्रम में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह, निगम पार्षद पवन सैनी, सहायक अभियंता सुनील सैनी सहित भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, वार्ड समिति के सदस्य, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।


