गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक रूप से जोडऩा, देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा युवा पीढ़ी को भारत के विभाजन के इतिहास एवं उससे जुड़े बलिदानों से अवगत कराना है। डीसी उत्तम सिंह ने यह जानकारी गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हाल में आयोजित बैठक में दी।
प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेस के माध्यम से गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग ने वीसी में अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
*14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम*
डीसी उत्तम सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लाखों लोगों की स्मृति में राज्य एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, नाट्य मंचन, विभाजन पीडि़त परिवारों के अनुभव साझा करना, मौन श्रद्धांजलि तथा शैक्षणिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन विभाजन से प्रभावित परिवारों की कहानियों का संकलन कर नई पीढ़ी तक पहुंचाएगा।
*अभियान में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष होंगे विशेष आकर्षण :*
डीसी ने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन पर भी विशेष फोकस होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रमों में आधिकारिक स्वरूप में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।
*रैलियां, प्रदर्शनी,‘सेल्फी विद तिरंगा’ कार्यक्रम होंगे आयोजित*
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिला स्तर पर देशभक्ति आधारित तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा शोभायात्राएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान, सरकारी भवनों पर तिरंगा रोशनी, विशाल तिरंगा रंगोली तथा राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे।*विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में होंगे विशेष आयोजन :*डीसी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
*18 अगस्त तक भेजनी होगी अनुपालन रिपोर्ट :*
उत्तम सिंह ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी जिलों एवं संबंधित विभागों को 10 अगस्त तक प्रगति रिपोर्ट तथा 18 अगस्त 2026 तक विस्तृत अंतिम अनुपालन रिपोर्ट सूचना, जनसंपर्क,भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा को भेजनी होगी, ताकि राज्य स्तर पर समेकित रिपोर्ट तैयार की जा सके। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुनीता रांगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

