गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि आगामी 15 अगस्त को गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला एवं उपमंडल स्तर पर पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है और इसे पूरी गरिमा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने यह बात गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कही।डीसी ने कहा कि जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं तथा प्रत्येक विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करे। उन्होंने बताया कि समारोह की रिहर्सल से लेकर मुख्य आयोजन तक विभागवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए एडीसी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जो विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों से प्राप्त प्रस्तुतियों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने वाले होने चाहिए।उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम 10 अगस्त तक जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जा सके।
डीसी ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आम नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा पंचायतों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनके चयन के लिए भी एडीसी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी, जो निर्धारित मानकों के आधार पर चयन करेगी।उन्होंने कहा कि समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तरीय समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से पौधे भी वितरित किए जाएंगे।
बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, डीएसपी वेस्ट करण गोयल, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल, ईओ एचएसवीपी राकेश सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सचिन भाटी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
