गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज: धर्म के नाम पर राजनीति चमकाने वाली भाजपा के खिलाफ गुरुग्राम में भाजपा कार्यालय गुरुकमल के सामने अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर मंगलवार को कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जिला कार्यालय गुरुकमल के बाहर प्रदर्शन किया और विरोध के प्रतीक के रूप में सामूहिक सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वर्धन यादव एवं पंकज डावर समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए धार्मिक आस्था और पारदर्शिता के मुद्दे को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया। सुंदरकांड के पाठ को विरोध का माध्यम बनाकर पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह इस मुद्दे को केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनभावनाओं और जवाबदेही से जुड़ा विषय मानती है।
भाजपा कार्यालय के बाहर धार्मिक प्रतीक के साथ विरोधकांग्रेस कार्यकर्ता पहले भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सुंदरकांड का पाठ करने का प्रयास किया लेकिन गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विरोध जताया गया। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।*हिरासत को लेकर कांग्रेस का हमला*
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष वर्धन यादव, पंकज डावर और कई अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कार्रवाई बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया गया।जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष वर्धन यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं पर उठ रहे सवालों से बचने का प्रयास कर रही है। उनका दावा था कि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के प्रति आस्था रखने वाले लोगों की भावनाओं से जुड़े मुद्दे को उठाया है, लेकिन सरकार विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने चंदे में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस नेत्री सुनीता सहरावत, सुनीता वर्मा, शैलजा भाटिया, सुनीता वर्मा, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, अनिल धानक, दीपेश कौशिक, भीम सोनी, हरेंद्र सहरावत, हरकेश वाल्मीकि, रविन्द्र तंवर, राहुल जैलदार सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


