गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण गुरुग्राम के संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश के विभिन्न कस्बों एवं जिलों में प्रस्तावित डेवलपमेंट प्लान के तहत रिहायशी, व्यावसायिक और संस्थागत सेक्टरों के विकास के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में आवश्यक भूमि खरीदी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक भू-स्वामियों एवं एग्रीगेटरों को अपनी भूमि का विवरण ई-भूमि पोर्टल पर अपलोड करना होगा। सरकार ने इसके लिए 31 अगस्त तक का समय निर्धारित किया है। इस अवधि में भूमि मालिक अपनी भूमि का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। सम्पदा अधिकारी ने बताया कि फरुखनगर राजस्व एस्टेट, मुबारकपुर और सुल्तानपुर सहित फरुखनगर मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित सेक्टर-1 से सेक्टर-7 के विकास के लिए भूमि खरीदने का प्रस्ताव है। भूमि मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एचएसवीपी द्वारा फरुखनगर में विशेष सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 14 जुलाई को सुल्तानपुर तथा 17 जुलाई को मुबारकपुर में शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो भू-स्वामियों को ई-भूमि पोर्टल पर पंजीकरण, भूमि का विवरण अपलोड करने तथा पूरी प्रक्रिया की जानकारी देंगे। उन्होंने सभी भूमि मालिकों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर अपनी भूमि का विवरण अपलोड कराने की अपील की, ताकि विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। इस मौके पर बीरबल सैनी (चेयरमैन), लक्ष्मण सैनी, पूर्व सरपंच सुमित्रा देवी, पार्षद रामवीर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं एचएसवीपी की ओर से जेई ललित हंस, क्लर्क प्रदीप यादव, संजीव यादव, दीपक, बलविंदर और धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने भी आयोजित शिविर में भाग लेकर भूमि मालिकों को आवश्यक सहायता प्रदान की।

