चंडीगढ़, सतीश भारद्वाज : एक तो चण्डीगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बरसात से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है, वहीं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट चण्डीगढ़ को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी से सनसनी फ़ैल गई है। धमकी बारे रजिस्ट्रार को ई-मेल भेजी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर हाईकोर्ट परिसर की बील्डिंग को चारों तरफ से कवर करके चप्पे-चप्पे पर सर्च अभियान शुरू कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के सेक्टर-1 स्थित पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस की तरफ से हाईकोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं हाईकोर्ट परिसर में गहन तलाशी चल रही है।हाईकोर्ट को इससे पहले भी 22 मई को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। बुधवार को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिये यह धमकी दी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बम स्क्वायड और ऑपरेशन सेल की टीम पहुंची है। हाइकोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सर्च के दौरान कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस टीमें चप्पे चप्पे को खंगाल रही है। लगभग तीन महीने पहले भी 22 मई को हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को बम की धमकी संबंधी अलर्ट मिला था। बताया गया है कि रजिस्ट्रार को धमकी भरा ई-मेल आया है। कुछ समय पहले भी बम से उड़ाने की एक मेल आई थी, लेकिन सर्च के दौरान कुछ नहीं मिला था। हालांकि पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
