गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के पालम विहार स्थित जेम्स इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा पहली के छात्र शिवांश वत्स ने सिरसा में आयोजित *द्वितीय हरियाणा स्टेट किड्स, सब जूनियर व सीनियर ताइक्वांडो चैम्पियनशिप 2025* में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन गत दिनों 15 से 17 अगस्त 2025 तक सिरसा के किरात पैलेस में किया गया था।
उक्त जानकारी सैक्टर 22 गांव मोलाहेडा निवासी सुरेंद्र शर्मा ने दी।उन्होंने बताया कि सिर्फ 5 साल 6 महीने की उम्र में *20 किग्रा से कम भार वर्ग* में मुकाबला करते हुए शिवांश वत्स पुत्र नितिन वत्स सैक्टर 22 निवासी ने बेहतरीन ताइक्वांडो खेल का प्रदर्शन किया और सभी को अपनी प्रतिभा से चकित कर दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे विद्यालय व क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।शिवांश ‘यूथ ताइक्वांडो एकेडमी’ से प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहाँ उनके कोच शुभम उन्हें खेल के प्रति अनुशासन और दृढ़ता की शिक्षा देते हैं। कोच शुभम ने बताया कि शिवांश मेहनती और जुझारू स्वभाव के खिलाड़ी हैं,जो छोटी उम्र में ही बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
वहीं विद्यालय प्रशासन, एकेडमी और अभिभावकों ने शिवांश की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शिवांश राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे।शिवांश की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि लगन और निरंतर अभ्यास से किसी भी उम्र में बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। निवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर परिवार को बधाई दी है।

