गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम के कस्बा फर्रुखनगर में सीएचसी अस्पताल के सामने बने एक पीजी में अमेजन कंपनी की पूर्व कर्मचारी रही युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान झारखंड के नदुआ निवासी 22 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार पीजी के मालिक नरेश यादव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 3 बजे उसे सूचना मिली थी कि कमरा नंबर-7 में रहने वाली युवती ने फांसी लगा ली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मृतक मुस्कान अपने भाई सचिन के साथ करीब डेढ़ साल से फर्रुखनगर में रह रही थी। तथा करीब छह-सात महीने पहले ही इस पीजी में रह रहे थे।
आसपास में रहने वालों का कहना था कि मुस्कान पहले अमेजन कंपनी में काम करती थी। कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। आसपास के लोगों के अनुसार वह कुछ दिनों से बीमार और मानसिक तनाव में दिखाई दे रही थी। घटना के समय उसका भाई सचिन अपने गांव जा रहा था। सूचना मिलते ही वह बीच रास्ते से वापस लौट आया। पुलिस के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुग्राम मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच हर पहलुओं पर गौर कर रही है।
