गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम और फाउंडेशन फॉर इम्प्रूविंग द क्वालिटी ऑफ लाइफ (ए-पीएजी) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया है। यह समझौता शहर में वायु गुणवत्ता सुधारने और प्रदूषण के स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।समझौते के तहत दोनों संस्थाएं मिलकर अल्पकालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों पर काम करेंगी। समझौते का मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करना और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
*प्रदूषण स्रोतों की पहचान और समाधान पर फोकस*
समझौते के तहत ए-पीएजी द्वारा शहर में प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों की पहचान की जाएगी, जिनमें विशेष रूप से निर्माण गतिविधियां, सड़क धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और अन्य प्रमुख कारक शामिल हैं। इसके साथ ही इन स्रोतों को नियंत्रित करने के लिए वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपाय सुझाए जाएंगे।
*डेटा आधारित रणनीति अपनाई जाएगी*
इस पहल के अंतर्गत प्रदूषण से संबंधित डेटा का संग्रह, विश्लेषण और निगरानी की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नीतियां और कार्य योजनाएं सटीक आंकड़ों के आधार पर तैयार हों और उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
*प्रशिक्षण और जागरूकता पर भी जोर*
एमओयू के तहत अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे प्रदूषण नियंत्रण उपायों को बेहतर तरीके से लागू कर सकें। इसके अलावा नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, जिससे आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
*तकनीकी सहयोग और नीति निर्माण में सहायता*
ए-पीएजी, नगर निगम गुरुग्राम को तकनीकी सहायता प्रदान करेगा और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी नीतियों के निर्माण में सहयोग करेगा। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्य योजनाओं को लागू करने में भी मदद करेगा।
*शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में बड़ा कदम*
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि यह समझौता गुरुग्राम में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम और ए-पीएजी के संयुक्त प्रयासों से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में शहर की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि ए-पीएजी द्वारा जीएमडीए क्षेत्रों का भी सर्वे किया जाएगा और आपसी समन्वय के साथ शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य होगा।
