गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के सेक्टर 22बी निवासी स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ असम में एयरफोर्स के फाइटर प्लेन सुखोई क्रैश हादसे में शहीद हो गए। जिसकी खबर से देशभर में शोक की लहर चल रही है, उनके घर पर भी मातम छाया हुआ है। उनके पिता सुबेदार आनंद अपने शहीद पुत्र का शव लेने असम गए हुए हैं। घर के बाहर मौजूद उसके कुछ रिश्तेदारों ने बताया कि अभी उसके दादा-दादी को अनुज की मौत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। परिवार के लोगों ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है। शहीद के घर पर आसपास के निवासी व रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा हुआ है। उनके एक परिचित ने बताया कि अनुज की शादी तय हो गई थी। उनकी मंगेतर भी पायलट है। दोनों परिवार के लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। इस दुःख भरी खबर से घर में शादी की खुशियां गम में बदल गई ।
शहीद अनुज के रिश्तेदार चंद्रप्रकाश (रिटायर्ड इंस्पेक्टर) ने बताया कि एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को फोन पर अनुज की शहादत की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग असम के लिए रवाना हो गए। अनुज की मंगेतर भी पायलट है। इस रिश्ते से दोनों परिवार काफी खुश थे। जिनकी जल्द शादी होने वाली थी। चंद्रप्रकाश ने बताया कि अनुज के पिता भारतीय सेना में सूबेदार रहे हैं। उन्हें देखकर ही अनुज ने भी डिफेंस फोर्सेज में जाने का निर्णय लिया। करीब 10 साल पहले उन्होंने एयरफोर्स जॉइन की थी। अनुज के बड़े भाई पत्नी और बच्चों के साथ यूके में रहते हैं। वहां किसी सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत है।
बता दें कि भारतीय वायुसेना के SU-30 MKI लड़ाकू विमान ने असम के जोराहट एयरबेस से रेगुलर प्रैक्टिस के लिए उड़ान भरी थी। इसमें स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर सवार थे। उड़ान के कुछ समय बाद ही शाम करीब 7 बजकर 42 मिनट पर विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया और विमान रडार से गायब हो गया। विमान के लापता होने के तुरंत बाद वायुसेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान पता चला कि विमान जोराहट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग के घने जंगलों में क्रैश हो गया है। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा कर दोनों अधिकारियों स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर के शहीद होने की पुष्टि की थी।


