गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता सीटीएम सपना यादव ने की। सीटीएम ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और हर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनता को उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान मिले।शिविर में कुल आठ शिकायतें सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, राशन कार्ड और पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी व जमीन पंजीकरण, बिजली संबंधी मामले, शहरी निकाय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा ग्रामीण विकास और सिंचाई विभाग से जुड़ी समस्याएं प्राप्त हुईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए तय समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीटीएम ने अधिकारियों को कहा कि समाधान शिविर को औपचारिकता न समझें, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का मंच बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, प्रदेशभर में आयोजित समाधान शिविरों के प्रभावी संचालन के लिए पीपीपी/परिवार पहचान पत्र से जुड़े मामलों के समन्वय हेतु एचपीपीए के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने शिविर में उपस्थित रहकर संबंधित विभागों के साथ तालमेल स्थापित किया और पीपीपी संबंधी शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की, जिससे ऐसे मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जा सके। बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विशाल, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

