गुरुग्राम, सतीश कौशिक : फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर के जनरल सर्जरी विभाग ने 50 से अधिक रोबोट-असिस्टेड सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल ने विभिन्न स्पेशियलिटीज़ में अब तक 150 से अधिक रोबोटिक प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह उपलब्धि उन्नत मिनिमली इनवेसिव सर्जरी और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में उसकी बढ़ती विशेषज्ञता को दर्शाती है।अस्पताल में हर्निया रिपेयर, एब्डॉमिनल वॉल रिकंस्ट्रक्शन और गॉलब्लैडर सर्जरी जैसी जटिल प्रक्रियाएं रोबोटिक तकनीक की सहायता से की गईं। डॉक्टरों का कहना है कि रोबोट-असिस्टेड सर्जरी के जरिए अधिक सटीकता, कम रक्तस्राव, कम दर्द और मरीजों की तेजी से रिकवरी सुनिश्चित की जा रही है।अस्पताल ने कई जटिल मामलों की जानकारी भी साझा की। इनमें 61 वर्षीय महिला मरीज का मामला शामिल है, जो बड़े और जटिल इररिड्यूसिबल हर्निया से पीड़ित थीं। मरीज को लिवर सिरोसिस, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, एनीमिया और हाइपोथायराइडिज्म जैसी कई अन्य बीमारियां भी थीं। डॉक्टरों ने लगभग दो घंटे चली रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से सफल रिपेयर किया और संभावित जटिलताओं से बचाव सुनिश्चित किया। फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एक अन्य मामले में 49 वर्षीय पुरुष मरीज को बार-बार अंबिलिकल हर्निया और पेट की मांसपेशियों के अलग होने की समस्या थी।
अस्पताल के डॉक्टरों ने मिनिमली इनवेसिव रोबोट-असिस्टेड मेश रिपेयर सर्जरी कर समस्या का सफल समाधान किया। करीब तीन घंटे चली इस सर्जरी के बाद मरीज धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा है। गॉलब्लैडर सर्जरी के मामलों में भी अस्पताल को सफलता मिली है। 32 वर्षीय महिला मरीज की रोबोट-असिस्टेड कोलेसिस्टेक्टॉमी के बाद अगले ही दिन रिकवरी होने पर वह यात्रा करने में सक्षम हो गईं। वहीं, 28 वर्षीय एक अन्य महिला मरीज की पित्ताशय की पथरी की रोबोटिक सर्जरी के बाद उन्हें दो दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी जटिल मामलों में अधिक सटीकता और बेहतर परिणाम देने में मददगार साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि इससे मरीजों की रिकवरी का समय कम होता है और जटिलताओं का खतरा भी घटता है।वहीं अभिजित सिंह ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी प्रोग्राम के जरिए अस्पताल हरियाणा और एनसीआर के मरीजों को विश्वस्तरीय एडवांस सर्जिकल केयर उपलब्ध करा रहा है। उनके अनुसार, इस तकनीक से छोटे चीरे, कम रक्तस्राव और तेजी से रिकवरी जैसे लाभ मिलते हैं।फोर्टिस हेल्थकेयर देश के प्रमुख स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क में शामिल है और देशभर में अस्पताल, डायग्नॉस्टिक तथा डे-केयर सेवाएं संचालित करता है। वहीं आईएचएच हेल्थकेयर दुनिया की अग्रणी बहुराष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा कंपनियों में से एक है।

