गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: अमेरिका ट्रेड डील, बुढ़ापा पेंशन के मापदंड, राशन कार्ड से नाम काटना, एचपीएससी में हरियाणा के युवाओं की अनदेखी को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। इसे लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस गुडग़ांव की ओर से भाजपा की केंद्र तथा राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में सोमवार को जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर की अध्यक्षता में उपायुक्त को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। जिसे तहसीलदार सुरेन्द्र भारद्वाज ने रिसीव किया।
ज्ञापन में कहा गया कि भाजपा की केंद्र व हरियाणा राज्य सरकार देश की गरीब, किसान, बुजुर्ग एवं युवा वर्ग की मूल आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं को कुचलने का कार्य कर रही हैं। पहली मांग में कहा गया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के संदर्भ में हमारा स्पष्ट मत है कि यह समझौता देश की कृषि अर्थव्यवस्था एवं किसानों के हितों के विरुद्ध है। इस डील के माध्यम से विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में अनियंत्रित प्रवेश देने से घरेलू किसानों की उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिससे खाद्यान्न सुरक्षा एवं स्वावलंबन खतरे में पड़ जाएगा। इसलिए मांग है कि इस डील की समीक्षा की जाए तथा किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। दूसरा मुद्दा यह कि बुढ़ापा पेंशन के मापदंडों में की गई सख्ती एवं कटौती अत्यंत निंदनीय है। बुजुर्ग जो राष्ट्र निर्माण में अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं, अब अपनी अंतिम अवस्था में सरकारी उदासीनता के शिकार हो रहे हैं। नियम, शर्तों को इतना कठिन कर दिया गया है कि बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है। तीसरी मांग है कि गरीबों के राशन कार्ड से नाम काटे जा रहे हैं। यह गरीब परिवारों को भुखमरी के कगार पर धकेल रहा है। आधार लिंकिंग, आय प्रमाण एवं अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लाखों नाम काटे जाना गरीबी उन्मूलन के बजाय गरीबों का उन्मूलन है। चौथा मुद्दा यह है कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) में हरियाणा के युवाओं की अनदेखी एक गंभीर अन्याय है। युवाओं की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर कुचला जाना अन्याय हे। एचपीएससी में हरियाणा के युवाओं को प्राथमिकता दी जाए।
जिला शहरी अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से आग्रह करते हुए कहा कि सरकार की नीतियां मात्र प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक हैं। यह जनता के विश्वास को ठेस पहुंचा रही हैं। इसलिए इन मुद्दों पर हस्तक्षेप करें तथा सरकार को निर्देश दें कि वह जनहित में सुधार करें। यदि ये मांगें पूरी नहीं हुईं, तो कांग्रेस पार्टी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एवं अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद करेगी।
इस अवसर पर उनके साथ दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

