
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम शहर के बसई रोड स्थित प्राचीन भूतेश्वर मंदिर के समीप नॉनवेज बिक्री की दुकान खोले जाने को लेकर हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के बिल्कुल पास करीब बीस मीटर क्षेत्र में मांसाहारी (बिरयानी) की बिक्री से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में काफी तनाव का माहौल बनता जा रहा है। लोगों का कहना था कि गत दिनों जैन समाज की एक पैदल यात्रा इसी सड़क से निकलीं थी,जिसको देखकर जैन श्रद्धालुओं ने अपना रास्ता ही बदल दिया था, जिससे यातायात पर भी बुरा असर पड़ा। जिससे वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और आसपास के निवासियों ने इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है और मांग की है कि उक्त नॉनवेज दुकान को जल्द से जल्द बंद कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो यह एक बहुत बड़ा धार्मिक विवाद बन सकता है।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भूतेश्वर मंदिर एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के आसपास इस तरह की दुकान खुलना सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकता है।धार्मिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिली है और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे। वहीं मौके पर भी पहुंच कर लोगों के आक्रोश को शांत किया।

