गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के भौंडसी स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र में पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल भापुसे के निर्देशानुसार उप महानिरीक्षक विरेंद्र विज भापुसे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकगणों द्वारा सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास किया गया। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर किया गया। जनवरी माह से प्रारंभ हुए सूर्य नमस्कार अभियान का समापन 12 फरवरी को महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती के अवसर पर किया जाएगा।
इस अवसर पर आयुष विभाग गुरुग्राम की योगाचार्या गीता सैनी ने प्रशिक्षुओं को सूर्य नमस्कार के अंतर्गत प्रमाणासन, हस्तोतानासन, हस्तपाद आसन, अश्व संचालन आसन, दंडासन, अष्टांग तथा भुजंग आसन सहित विभिन्न योगासन करवाए।योगाचार्या गीता सैनी ने बताया कि सूर्य नमस्कार संपूर्ण शरीर का व्यायाम है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर निरोगी एवं ऊर्जावान रहता है। यह सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है। सूर्य नमस्कार से पाचन तंत्र मजबूत होता है, तनाव और चिंता दूर होती है तथा हार्मोन संतुलन में सहायता मिलती है। इसके साथ ही यह हृदय एवं फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ रक्त संचार को भी बेहतर बनाता है।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक अमरजीत सिंह हपुसे के अलावा सीडीआई उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, राजवीर, प्रविंद्र कुमार, अर्चना, बलजीत, राहुल सहित आउटडोर एवं इंडोर प्रशिक्षकगण तथा प्रथम वाहिनी आईआरबी भौंडसी के पुलिस कर्मियों ने भी सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।

