गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के मार्गदर्शन में हरियाणा आगे बढ़ेगा। उनका मिलनसार स्वभाव कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन को भी भाजपा की जन उत्थान आधारित नीतियों पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का गुरुग्राम दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह में युवाओं के साथ-साथ भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत संकल्प को गति देने में युवा शक्ति की अहम भूमिका व उनसे सीधा संवाद करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का हरियाणा प्रवास भले ही संक्षिप रहा, लेकिन उन्होंने संगठन के अंदर नया जोश भरने का काम किया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसमें एक साधारण कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय स्तर पर उसकी निष्ठा, मेहनत पर जिम्मेदारी मिलती है।
उन्होंने कांग्रेस को एक परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि वो भाई-भतीजावाद, परिवारवाद को लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त भारत की तरफ बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से इस बार बंगाल में कमल खिलेगा, जिससे वहां की जनता को ममता बनर्जी की अहितकारी नीतियों से छुटकारा मिलेगा।

