गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में हरियाणवीं सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग तथा उसके करीबी की हत्या मामले में आरोपी गैंगस्टर की गिरफ्तारी हो ही गई। गैंगस्टर सुनील सरधारिया ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों की लिस्ट में शामिल सरधानिया को अमेरिका से भारत लाया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF पहले से एयरपोर्ट पर तैनात थी। फ्लाइट से उतरने के बाथ इमिग्रेशन और दस्तावेजों की जांच पड़ताल पूरी होने पर गैंगस्टर को एसटीएफ ने अपनी हिरासत में ले लिया। जिसको कोर्ट में पेश कर रिमांड लेकर पुलिस गहन पूछताछ करेगी। गैंगस्टर सुनील पर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग समेत कई संगीन मामलों का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। सुनील लंबे समय से फरार था। वह फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवा कर दुबई के रास्ते अमेरिका पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार वह स्विट्जरलैंड और अमेरिका के बीच घूमता रहता था, जहां से वह अपने गिरोह को संचालित कर रहा था।गत जुलाई 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-71 में युटयुबर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोलीबारी की घटना में सुनील का नाम प्रमुखता से सामने आया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उसने खुद जिम्मेदारी ली थी। वीडियो में सुनील ने दावा किया कि फाजिलपुरिया ने उसके पार्टनर दीपक नांदल को 5 करोड़ रुपए का चूना लगाया। दीपक ने फाजिलपुरिया को सेलिब्रिटी बनाने के लिए भारी निवेश किया था, लेकिन प्रसिद्धि मिलते ही सिंगर ने संपर्क तोड़ लिया। गैंगस्टर सुनील ने चेतावनी दी थी कि अगर पैसे न लौटाए गए तो फाजिलपुरिया के परिवार और सहयोगियों को निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद फाजिलपुरिया के घर से कुछ मीटर दूरी पर फाजिलपुरिया के जानकार प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या (अगस्त 2025) में भी मुख्य आरोपी है। शौकीन फाजिलपुरिया का करीबी था। सुनील ने इसकी भी जिम्मेदारी ली थी।
*सुरक्षा एजेंसियों तथा दूतावास ने बिछाया था जाल*
अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इंडियन एंबेसी ने उसे ट्रैक किया। जिसके लिए काफी समय से जाल बिछाया जा रहा था। जिसमें अमेरिका ने वीजा उल्लंघन के आरोप में डिपोर्ट प्रक्रिया शुरू हुई। गुरुग्राम एसटीएफ और साइबर सेल ने डार्क वेब और सोशल मीडिया के जरिए उसके लोकेशन का पता लगाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसका गिरोह हिमांशु भाऊ जैसे बड़े माफियाओं के साथ भी जुड़ा हुआ है। पुलिस पूछताछ में अन्य कई खुलासे होने की सम्भावना है।

