गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में आगामी 28 सितम्बर को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी, सेक्टर-57 में राज्य स्तरीय श्रमिक सेवा एवं जागरूकता समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और श्रमिकों से सीधे संवाद करेंगे। समारोह का लाइव प्रसारण हरियाणा के सभी जिलों में किया जाएगा।
डीसी अजय कुमार ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समारोह की सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। डीसी ने कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स, कार्यक्रम स्थल की सजावट, यातायात प्रबंधन और प्रतिभागियों के स्वागत की सभी व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल श्रमिकों के लिए उचित व्यवस्था की जाएं। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाइव प्रसारण की तकनीकी तैयारियों और डिजिटल व्यवस्थाओं का परीक्षण समय से पहले किया जाए ताकि कार्यक्रम हर जिले में सुचारू रूप से देखा जा सके।
डीसी ने कहा कि समारोह को प्रभावशाली और यादगार बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच संपर्क और समन्वय बिल्कुल स्पष्ट और समयबद्ध होना चाहिए।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि समारोह के दौरान हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की नई मोबाइल एप्लीकेशन का शुभारंभ किया जाएगा। इस एप्लीकेशन के माध्यम से श्रमिक अपने अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।डीसी अजय कुमार ने यह भी कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ई.एस.आई. का विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में एएलसी कुशल कटारिया, एसीपी अमित भाटिया सहित आयोजन से जुड़े विभाग तथा श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

