गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नगर निगम गुरुग्राम द्वारा हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गुड़गांव गाँव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं लक्ष्मण विहार में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ।
आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के महत्व पर जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल आदत ही नहीं, बल्कि जीवन शैली का हिस्सा होना चाहिए। साथ ही उन्होंने सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान भी किया। वॉर्ड नंबर 36 की पार्षद श्रीमती रेखा सैनी व नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने बच्चों को अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने की प्रेरणा दी, ताकि समाज और पर्यावरण दोनों को लाभ मिल सके। दिनेश सैनी ने बच्चों को घर पर दो अलग-अलग कूड़ेदान रखने की आदत डालने की सलाह दी, ताकि गीले और सूखे कचरे का सही प्रबंधन किया जा सके। सभी बच्चों और शिक्षकों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान को जीवन में अपनाने और समाज में इसका संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम के सफाई निरीक्षक श्रीकांत शर्मा, निगम की स्वच्छता टीम, विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रों का विशेष योगदान रहा।वहीं, लक्ष्मण विहार में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में वार्ड पार्षद सरिता भारद्वाज व वार्ड निवासियों ने बढ-चढक़र भागीदारी की। यहां आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में सभी ने वार्ड को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता कर्मियों व वार्ड निवासियों को निगम की आईईसी एक्पर्ट प्रियंका ने स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्वच्छता ताऊ के साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई। स्वच्छता ताऊ ने स्वच्छता मंत्र को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान वार्ड निवासियों से किया।

