गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त पूजा चांवरिया ने अधिकारियों की टीम के साथ वार्ड 34 का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजेंद्रा पार्क और सूरत नगर में सीवरेज एवं ड्रेनेज से संबंधित कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त ने उपस्थित कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण और सहायक अभियंता विवेक बेनीवाल से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में और अधिक तेजी से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।
*जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश*
अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया ने कहा कि सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था शहर की बुनियादी जरूरतों में शामिल है। इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेजी से निष्पादन सुनिश्चित करें और नियमित निगरानी भी जारी रखें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्याएं दोबारा उत्पन्न न हों।
*दशकों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम*
मौके पर उपस्थित वार्ड 34 की पार्षद सुरेखा चौहान ने अतिरिक्त निगमायुक्त का धन्यवाद करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में सीवरेज जाम और ओवरफ्लो की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। अब नगर निगम द्वारा इस समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।उन्होंने इस कार्य के लिए गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राजरानी मल्होत्रा तथा निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित पूरी नगर निगम टीम की सराहना की।
*स्थानीय निवासियों को मिलेगी बड़ी राहत*
स्थानीय निवासियों के अनुसार नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद वार्ड 34 के राजेंद्रा पार्क और सूरत नगर क्षेत्र में जलभराव, सीवरेज जाम और ओवरफ्लो जैसी समस्याओं से स्थाई राहत मिलेगी। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।

