गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को एसडीएम हितेंद्र कुमार ने समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर राहत देना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि शिविर केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि यहां आने वाले हर व्यक्ति की समस्या का सही और संतोषजनक समाधान किया जाए। सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ शिविर में आएं और मौके पर ही ज्यादा से ज्यादा मामलों का निपटारा करें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समाधान शिविरों की प्रक्रिया की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं। लंबित मामलों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि तय समय में उनका समाधान हो सके।एसडीएम ने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद बनाने का अच्छा माध्यम हैं। इससे लोगों की समस्याएं जल्दी हल होती हैं और भरोसा भी बढ़ता है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान के बाद लोगों से फीडबैक जरूर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं है, उनकी नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी स्थिति की जानकारी दी जाती रहे। प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना जरूरी है।इस अवसर पर डीडीपीओ नवनीत कौर, एमओ डॉ. अपिला डिप्टी डीईओ गीता आर्या, एक्सईएन आरसी देशवाल, एचएसवीपी एसडीओ सर्वे अजमेर सिंह,जेई मनोज, जेई गजेंद्र, जेई हिमांशु नागपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

