
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज :हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने मंगलवार को सेक्टर-9, भवानी एंक्लेव के पास सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 300 गज जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त किया गया । यह कार्रवाई एचएसवीपी शहरी संपदा अधिकारी नंबर-1 राकेश सैनी के निर्देशों पर की गई।कार्रवाई के दौरान सेक्टर-9ए पुलिस थाना से भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांति और सुरक्षा के साथ पूरी की गई।
एचएसवीपी सर्वे एसडीओ अजमेर सिंह ने बताया कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था और दो दिन पहले मुनादी कराकर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भी अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। बड़ी दो पोकलेन मशीन से अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। कुछ लोगों ने तोड़फोड़ का विरोध भी किया लेकिन भारी पुलिस बल के रहते कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।अधिकारियों के अनुसार सरकारी जमीन पर काफी लोगों ने दो मंजिला पक्के मकान बना रखें थे। जिनको बार बार नोटिस व चेतावनी दी गई थी, लेकिन फिर भी उन्होंने सरकारी जमीन को खाली नहीं किया था। जिसपर मंगलवार को उक्त जमीन को खाली कराया गया।
इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर उपमंडल अभियंता ज्ञानचंद मौके पर मौजूद रहे। वहीं एचएसवीपी के जेई ललित हंस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।कार्रवाई के दौरान एचएसवीपी सर्वे शाखा के कर्मचारी दयानंद, वीरेंद्र, संजीव यादव, बलविंदर सहित अन्य कर्मचारी व पुलिस बल मौजूद रहा।
