गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम जिला के गांव सिधरावली में बीती रात सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट में दीवार गिरने की गंभीर घटना के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि इस दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौत तथा चार घायल हुए।
डीसी श्री अजय कुमार ने मामले की जांच के लिए एसडीएम मानेसर की अध्यक्षता में अधिकारियों की एक समिति का गठन किया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
*कमेटी में यह अधिकारी शामिल*
गठित समिति में मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सहायक पुलिस आयुक्त, पटौदी, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), गुरुग्राम तथा कार्यकारी अभियंता-II, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), गुरुग्राम को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि समिति घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर जिम्मेदारी तय करेगी और अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करेगी। इससे पहले मानेसर एसडीएम दर्शन यादव ने मंगलवार को घटना स्थल का दौरा कर विभिन्न पहलुओं की जांच की।

