झज्जर,सतीश भारद्वाज : हरियाणा के जिला झज्जर के गांव बिरधाना से होली पर्व पर एक बड़ी ही दुखदाई खबर सामने आई है, जिसमें जेल से जमानत पर बाहर आए एक पति ने अपनी पत्नी की धड़ाधड़ गोलियां मारकर हत्या कर मौके से फरार हो गया। जिससे परिवार सहित पूरे गांव में होली की खुशियां गम में बदल गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात गांव बिरधाना के संजय नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी अंजली की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी ने अपने घर ही पत्नी पर करीब 8 राउंड फायरिंग की। जिससे आरोपी की पत्नी अंजलि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी संजय के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद संजय ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की असली वजह क्या है, इसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। सीआईए और स्पेशल स्टाफ सहित कई पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, और परिजनों व ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं सबूत जुटाने के बाद मृतका अंजली के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। एसीपी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से गांव में दहशत और ग़म का माहौल बना हुआ है। जबकि पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

